ऋषिकेश : गंगा तट पर रात्रि विश्राम के बाद अपने गांव के लिए रवाना हुए एनएसए अजीत डोभाल
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल शुक्रवार सुबह परमार्थ निकेतन में यज्ञ में भाग लेने के बाद अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए। इस दौरान उनकी पत्नी भी उनके साथ थीं।
एनएसए अजीत डोभाल गुरुवार देर शाम यहां पहुंचे थे। अजीत डोभाल देर रात गंगा दर्शन के लिए परमार्थ गंगा तट पर भी पहुंचे। शुक्रवार सुबह वह परमार्थ निकेतन में परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि व पत्नी के साथ यज्ञ में शामिल हुए।
उन्होंने विश्व शांति के लिए यज्ञ में आहुतियां डाली। करीब 8:30 बजे एनएसए अजीत डोभाल यहां से पौड़ी के लिए रवाना हो गए।
हालांकि उनका ये पूरा दौरा निजी और गुप्त रखा गया है, लेकिन बताया जा रहा है कि वे कल शनिवार को पुनः स्वर्गाश्रम स्थित परमार्थ निकेतन आश्रम लौटेंगे और यहां गंगा आरती में शामिल होने के बाद रात्रि विश्राम करेंगे।